
दमोह – बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बादकपुर में आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान जागेश्वर नाथ धाम लोक (कॉरिडोर) के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। यह कॉरिडोर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा, जिससे इसे महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, मंत्री लखन पटेल, दमोह सांसद राहुल लोधी, दमोह विधायक जयंत मलैया, हटा विधायक उमा देवी खटीक सहित अनेक भाजपा नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव विशेष हेलीकॉप्टर से बादकपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात वे सीधे भगवान जागेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे और विधिवत जलाभिषेक कर पूजन किया। मंदिर दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से बातचीत भी की।

इस दौरान रुद्र गार्डन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर नाथ धाम लोक का निर्माण बुंदेलखंड की धार्मिक आस्था और पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह परियोजना पूर्व मंत्री जयंत मलैया की पहल और जनता की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है।
गौरतलब है कि भगवान जागेश्वर नाथ का यह मंदिर न केवल बुंदेलखंड, बल्कि पूरे देश में शिव भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। कई श्रद्धालु इसे भोलेनाथ का 13वां ज्योतिर्लिंग भी मानते हैं। अब इस परियोजना के माध्यम से इस धाम को और भी भव्य और विश्वस्तरीय रूप देने की तैयारी की जा रही है।

























Users Today : 5
Total Users : 13608
Views Today : 5
Total views : 18529