अभि तो यह शुरुवात है

दमोह – स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया ध्वजारोहण, जिले को दी सौगातें व शुभकामनाएं

स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया ध्वजारोहण, जिले को दी सौगातें व शुभकामनाएं,

दमोह – जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित तहसील ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया के साथ आकाश में गुब्बारे छोड़कर आजादी के पर्व का संदेश दिया। उन्होंने खुली जीप में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं परेड कमांडर अभिनव साहू के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने तीन चक्रों में हर्ष फायर कर राष्ट्रगौरव का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री का संदेश हुआ प्रसारित

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन समारोह स्थल पर लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से देखा और सुना गया। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश” का जो रोडमैप प्रस्तुत किया है, उससे प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुएगा,वही उन्होंने अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने दमोह जिले में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।

250 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन, जिससे जिले को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

200 करोड़ की लागत से 6 सांदीपनि विद्यालय बन रहे हैं।

सीतानगर बांध परियोजना से 51 गांवों की 16,200 हेक्टेयर जमीन सिंचित हो रही है।

पंचमनगर, सतधारू और साजली परियोजनाओं से 41,555 हेक्टेयर में सिंचाई होगी।

ब्यारमा व सतधरू परियोजना से 1.20 लाख परिवारों को पेयजल आपूर्ति हो रही है।

युवा संगम रोजगार मेले में 2266 युवाओं को ऑफर लेटर मिले।

“संकट के साथी” पहल से अब तक 500 से अधिक जरूरतमंदों को मदद मिली।

13.5 लाख पौधों का रोपण, 194 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां और दमोह हेल्पलाइन जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

वही इस मौके पर लोकतंत्र सेनानियों, अंगदान एवं देहदान करने वाले परिजनों का विशेष रूप से सम्मान किया गया।अंगदान करने वाली राधिका रानी, रीनू रोहरा, सुनील रोहरा, डॉ. श्रद्धा गंगेले, कनीजा बेगम और आराधना सॉलोमन का मंच से अभिनंदन किया गया।देहदान करने वाले स्व. पूरनलाल अग्रवाल के पुत्र ऋषि अग्रवाल का भी सम्मान किया गया। साथ मे दमोह गौरव सम्मान के अंतर्गत साहित्य, संगीत, समाजसेवा और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रदर्शनी 

समारोह में स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। मुख्य समारोह के उपरांत प्रभारी मंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और किसानों का उत्साहवर्धन किया। वही समारोह में प्रिंसिपल जिला न्यायाधीश पी.सी. गुप्ता, विधायक जयंत मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Khabarblast
Author: Khabarblast

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!